धौलपुर में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर बुधवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। यात्रा के सबसे अंतिम हिस्से में महर्षि वाल्मीकि की झांकी शामिल रही, जिसने श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण पैदा किया। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए धौलपुर पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। कोतवाली थाना पुलिस ने शोभायात्रा के निर्धारित मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर निगरानी व्यवस्था मजबूत रखी। थाना प्रभारी रामकिशन यादव खुद पुलिस जवानों के साथ ड्यूटी पर मुस्तैद रहे। पुलिसकर्मियों को भीड़ के बीच शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए थे। कुम्हारपाड़ा वाल्मीकि मंदिर से हुई शुरुआत शोभायात्रा की शुरुआत कुम्हारपाड़ा वाल्मीकि मंदिर से हुई। इसके बाद यात्रा टाउन चौकी, फूटा दरवाजा, फद्दी खां चौराहा, जगन टॉकीज, सराय गजरा, गड़रपुरा रोड, बजरिया और संतर रोड सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। निर्धारित मार्ग से होते हुए शोभायात्रा का समापन वाल्मीकि बस्ती में हुआ।