धौलपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर महिला थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। यह घटना हथियार के बल पर घर में घुसकर अंजाम दी गई। रिपोर्ट के अनुसार यह वारदात 13-14 अप्रैल 2026 की मध्य रात्रि करीब 12 बजे हुई। दो आरोपी हथियार (कट्टा) लेकर पीड़िता के घर में घुस गए। आरोप है कि आरोपियों ने महिला को हथियार के बल पर धमकाया और उसके बाद एक आरोपी ने 16 वर्षीय किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि कुछ दिन पहले भी उसी आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया था, लेकिन धमकियों के कारण उसने यह बात किसी को नहीं बताई थी। पीड़िता की मां ने अपनी रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया है कि उनके परिवार ने डर और निगरानी के कारण तुरंत मामला दर्ज नहीं कराया था। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।