धौलपुर में पूर्व राज्य मंत्री बनवारी लाल शर्मा की दूसरी पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर उनकी पुत्रवधू और भाजपा नेता नीरजा अशोक शर्मा ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को राशन और फल बांटे। उन्होंने बुजुर्गों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया। इसके अलावा धौलपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल दिए गए। नीरजा शर्मा ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की। शर्मा ने बताया कि उनके ससुर बनवारी लाल शर्मा सिर्फ राजनेता नहीं थे, बल्कि गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा करने वाले समाजसेवी भी थे। उन्होंने हमेशा जनसेवा को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि पुण्यतिथि पर जरूरतमंदों की मदद करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। बुजुर्गों का सम्मान और जरूरतमंदों की सहायता करना हर व्यक्ति की सामाजिक जिम्मेदारी है। इस कार्यक्रम में बनवारी लाल शर्मा के पैतृक गांव से आए लोगों के साथ परिवार के कई सदस्य और अन्य लोग शामिल हुए।