धौलपुर में पुलिस ने आगामी पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर अधिकारी जिले के संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों का जायजा ले रहे हैं। इसी कड़ी में एएसपी वैभव शर्मा ने देवखेड़ा, बसई घीयाराम, मिठावली और खुड़िला जैसे कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों को परखा, साथ ही ग्रामीणों से भी बात की। पुलिस लगातार रख रही कड़ी नजर एसपी विकास सांगवान, एएसपी वैभव शर्मा और एएसपी एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ की देखरेख में जिले में कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस पैदल गश्त, नाकाबंदी और संदिग्ध गतिविधियों पर ध्यान दे रही है। एएसपी वैभव शर्मा ने ग्रामीणों से बिना डर के मतदान करने और शांति बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध जानकारी को तुरंत पुलिस को बताने को कहा। पुलिस ने बताया कि चुनाव के दौरान निगरानी जारी रहेगी।