धौलपुर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने एक कार्रवाई की है। इस दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक देसी कट्टा (315 बोर) बरामद किया गया है। सदर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सूरजपुरा पुलिया के पास दबिश दी। वहां संदिग्ध गतिविधियों में घूम रहे एक युवक को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बद्री पुत्र प्रेमसिंह के रूप में हुई है, जो धीमरी का पुरा, थाना सदर धौलपुर का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक देशी कट्टा बरामद किया गया। इस संबंध में सदर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से अवैध हथियार के स्रोत और उसके नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।