धौलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक प्राइवेट हॉस्पिटल में सोमवार को एक प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। प्रसूता को दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसने बच्चे को जन्म दिया। बच्चे के जन्म के तुरंत बाद ही उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान गुर्जा निवासी राजकुमारी पत्नी रामफूल के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि डॉक्टरों की लापरवाही और गलत ऑपरेशन के कारण प्रसूता की जान गई। इस घटना से गुस्साएं परिजनों ने हॉस्पिटल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शादी के 6 साल बाद हुआ बच्चा सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सिटी कृष्णराज जांगिड़ के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जिसने स्थिति को काबू में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। परिजनों के अनुसार यह मृतका का पहला प्रसव था, जो शादी के करीब 6 साल बाद हुआ था। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और अस्पताल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।