धौलपुर में जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) ने बकाया बिजली बिलों की वसूली और बिजली चोरी पर सख्ती तेज कर दी है। राजाखेड़ा और धौलपुर ग्रामीण उपखंड में 15 लाख रुपए के बड़े बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14 ट्रांसफॉर्मर उतारे गए। इस कार्रवाई के दौरान पांच उपभोक्ताओं ने मौके पर ही तीन लाख रुपए जमा करा दिए। इसके बाद उनके ट्रांसफॉर्मर पुनः स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। निगम ने अन्य बकायेदारों से भी बकाया राशि तुरंत जमा कराने की अपील की है। जांच के दौरान सतर्कता टीम ने कई स्थानों पर बिजली चोरी और मीटर बाईपास कर एसी सहित भारी विद्युत उपकरणों के उपयोग के मामले भी पकड़े। ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत चोरी रिपोर्ट (वीसीआर) भरने की कार्रवाई की जा रही है। अधीक्षण अभियंता विवेक शर्मा ने बताया कि बड़े बकायेदारों के ट्रांसफॉर्मर उतारे जा रहे हैं और अन्य बकायेदारों के कनेक्शन भी काटे जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से समय पर बकाया राशि जमा कराने की अपील करते हुए कहा कि कृषि कनेक्शन कटने के बाद उन्हें दोबारा शुरू कराने में तकनीकी और राजस्व संबंधी समस्याएं आती हैं। शर्मा ने स्पष्ट किया कि जिलेभर में राजस्व वसूली अभियान लगातार जारी रहेगा और बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।