धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। रिलायंस पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने 45 वर्षीय राहगीर को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अरुण कुमार शर्मा पुत्र प्रकाश नारायण, निवासी सुमावली, जिला मुरैना के रूप में हुई है। बताया गया कि वह आगरा में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी रास्ते में यह दुर्घटना हुई। मामले की जांच कर रहे एएसआई चंद्रभान सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन की पहचान कर आरोपी ड्राइवर को जल्द पकड़ा जा सके।