डीडवाना शहर में जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने एक स्कूटी और बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूटी पर सवार एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला, चार साल का बच्चा और एक युवक शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तीनों घायलों को जल्दी से निजी वाहन से बांगड़ जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बाइक सवार दोनों युवकों को चोट नहीं आई। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, घायल कोलिया गांव के रहने वाले हैं। इनकी पहचान 50 साल की सोहनी देवी पत्नी रामेश्वर लाल, चार साल के प्रिंस और 21 साल के सुनील पुत्र रामेश्वर लाल के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।