डीडवाना शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से नगर परिषद ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। आयुक्त के निर्देश पर परिषद की टीम ने अवैध रूप से खड़े ठेलों और अन्य सामान को हटाने का अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर परिषद कार्यालय से शुरू होकर फव्वारा सर्किल तक चली। इस दौरान टीम ने लगभग 40 ठेलों को जब्त किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से ठेला चालकों और अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया। नगर परिषद ने जब्त किए गए ठेलों को 150 रुपए की रसीद काटकर छोड़ा। साथ ही, ठेला चालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में सड़कों पर स्थायी रूप से ठेला खड़ा न करें। प्रशासन के अनुसार, कई सब्जी और फल विक्रेता एक ठेला लगाकर उसके पीछे दो-तीन अतिरिक्त ढांचे खड़े कर देते हैं। इससे सड़कों की चौड़ाई प्रभावित होती है और अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। परिषद ने अब निर्देश दिए हैं कि विक्रेता सुबह ठेला लाकर काम करें और शाम को उसे वापस घर ले जाएं। नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अगले चरण में सड़कों पर लावारिस पड़े लकड़ी के ढांचे और स्थायी ढाबों को सीधे जब्त किया जाएगा। अजमेरी गेट, नागौरी गेट और महावीर मार्केट जैसे व्यस्त इलाकों में भी सघन कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों द्वारा सड़कों पर रखा सामान भी अब प्रशासन कब्जे में लेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी इस तरह की कार्रवाइयां होती रही हैं, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। इस बार नागरिकों को उम्मीद है कि प्रशासन लगातार सख्ती बनाए रखेगा, जिससे शहर को जाम और अतिक्रमण की समस्या से स्थाई राहत मिल सकेगी।