डीडवाना में शारदीय नवरात्र के अवसर पर भक्ति और उत्साह का माहौल है। शहर के श्री महाकाली एवं सौमित्रेश्वर मंदिर अखाड़ा, भाटी बास में शनिवार रात गरबा महोत्सव और डांडिया नृत्य हुआ। मां काली पूजा उत्सव आयोजन समिति ने यह कार्यक्रम करवाया। इसमें शहरभर से आए श्रद्धालुओं, युवाओं और युवतियों ने हिस्सा लिया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया था। पारंपरिक कपड़े पहनकर युवक-युवतियों ने डांडिया की थाप पर नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान डांडिया नृत्य प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। कार्यक्रम में डीडवाना नगरपरिषद सभापति भंवरलाल पंवार मुख्य अतिथि रहे। पार्षद बजरंग पंवार, पंकज टाक, लक्ष्मी देवी समेत कई लोग भी मौजूद रहे। समिति ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता के आखिर में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।