डीडवाना में राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर की ओर से आयोजित कृषि पर्यवेक्षक सीधी भर्ती परीक्षा-2026 शनिवार को जिला मुख्यालय पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुई। इस परीक्षा में कुल 87.29 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। जिला प्रशासन ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। जिला मुख्यालय पर परीक्षा के लिए कुल 10 केंद्र बनाए गए थे। प्रशासन के अनुसार, 3382 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2952 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 430 अनुपस्थित रहे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए कलेक्टर कार्यालय के नियंत्रण कक्ष प्रभारी श्रवण कुमार के निर्देशन में व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा और अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक सत्यापन तथा गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। केंद्रवार उपस्थिति की बात करें तो द लिटिल स्टार स्कूल में 89.35% और बालिका ग्रामोत्थान सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 89.58% उपस्थिति दर्ज की गई। विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल सबसे बड़ा केंद्र रहा, जहां 528 में से 452 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। प्रशासन की सतर्कता और कड़ी निगरानी के चलते सभी केंद्रों पर परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने भी व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।