डीडवाना-कुचामन जिले में आधार नामांकन और अद्यतन केंद्रों के लिए ऑपरेटरों की भर्ती शुरू हो गई है। जिला आधार समिति ने जिले में 25 चिन्हित स्थानों पर आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्र स्थापित करने की तैयारी की है। इन केंद्रों के संचालन के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के अधीन रजिस्ट्रार एजेंसी राजकॉम्प इन्फोसिस्टम लिमिटेड प्रत्येक केंद्र के लिए एक ऑपरेटर का चयन करेगी। चयनित ऑपरेटरों को यूआईडीएआई, नई दिल्ली द्वारा आधार नामांकन एवं अद्यतन कार्य के लिए आईडी/क्रेडेंशियल जारी किए जाएंगे। 4 मई तक ऑनलाइन आवेदन होंगे उपनिदेशक शिवराज सोनी ने बताया कि पात्र अभ्यर्थी अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से राजाआधार ऐप/मॉड्यूल पर 24 अप्रैल से 4 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदनकर्ताओं को यूआईडीएआई और सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, राजस्थान द्वारा निर्धारित सभी नियमों और शर्तों का पालन करना होगा। आधार केंद्र की फाइल यूआईडीएआई से सक्रिय होने के 7 दिनों के भीतर ऑपरेटर को 50 हजार रुपए की पेनल्टी सिक्योरिटी राशि राजकॉम्प, जयपुर के बैंक खाते में जमा करनी होगी। यदि ऑपरेटर विभाग से किट प्राप्त करता है, तो उसे 50 हजार रुपए की अतिरिक्त किट सिक्योरिटी राशि भी जमा करानी होगी। इसके अलावा आवेदनकर्ता को आवेदन पत्र के साथ यह घोषणा-पत्र भी देना होगा कि भविष्य में आधार मशीन के यूसीएल (UCL) मोड में परिवर्तित होने पर उसे कोई आपत्ति नहीं होगी। विभाग ने बताया है कि पात्रता मानदंड, अन्य आवश्यक शर्तें और 25 चिन्हित केंद्रों की सूची जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी के लिए डीडवाना-कुचामन जिला वेबसाइट देख सकते हैं।