डीडवाना-कुचामन जिले की 3 नगर परिषद और 5 नगर पालिकाओं के निकाय चुनाव की मतगणना सोमवार 14 सितंबर को होगी। इसके साथ ही ईवीएम में बंद प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। जिले के 285 वार्डों में चुनाव लड़ रहे 1056 उम्मीदवारों के नतीजे सामने आएंगे। डीडवाना नगर परिषद के 40 वार्डों में 145 प्रत्याशियों के भाग्य का भी फैसला होगा। बांगड़ कॉलेज में कड़ी सुरक्षा में होगी काउंटिंग मतदान के बाद निर्वाचन विभाग मतगणना की तैयारियों में लगा है। डीडवाना नगर परिषद की मतगणना बांगड़ कॉलेज में कड़ी सुरक्षा के बीच होगी। मतदान के बाद सभी ईवीएम को स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा गया है। मतगणना स्थल और उसके आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रिटर्निंग अधिकारी राजवीर सिंह यादव ने बताया कि मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी। डीडवाना नगर परिषद के लिए कुल 8 मतगणना टेबल लगाई गई हैं। काउंटिंग 6 चरणों में पूरी की जाएगी। मतगणना केंद्र में सिर्फ अधिकृत मतगणना कर्मियों, अधिकारियों, प्रत्याशियों, काउंटिंग एजेंट और मीडिया कर्मियों को ही एंट्री मिलेगी। हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात सुरक्षा के लिए बांगड़ कॉलेज के आसपास का इलाका प्रतिबंधित रहेगा। कॉलेज के पास हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मतगणना के दौरान कॉलेज के सामने से गुजरने वाली स्टेशन रोड पर भी आवागमन बंद रहेगा। प्रशासन ने शहर में लागू निषेधाज्ञा के तहत विजयी जुलूस निकालने पर पूरी तरह रोक लगाई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मतगणना से पहले प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की बेचैनी बढ़ गई है। डीडवाना में कांग्रेस के 37 और भाजपा के 34 प्रत्याशी मैदान में थे। बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी चुनाव लड़ा। विधायक यूनुस खान के समर्थित प्रत्याशी भी निर्दलीय के तौर पर मैदान में उतरे थे। ऐसे में मतगणना के नतीजों को लेकर शहर में काफी उत्साह और राजनीतिक हलचल है।