डीडवाना के भाटी बास स्थित श्री महाकाली एवं सौमित्रेश्वर मंदिर अखाड़े में काली पूजा उत्सव और 34वां कलाकार सम्मान समारोह हुआ। काली पूजा उत्सव आयोजन समिति ने इसे आयोजित किया, जिसमें राजस्थान सहित कई क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंज उठा। यह महाकाली शक्तिपीठ करीब 2100 साल पुराना है। मान्यता है कि राजा भर्तहरी ने इसकी स्थापना की थी और गुरु गोरक्षनाथ ने उन्हें यहीं वैराग्य की दीक्षा दी थी। मंदिर में भर्तहरी चबूतरा भी है। मंदिर की खासियत है कि 1992 में जीर्णोद्धार के बाद भी परिसर के एक हिस्से में प्राकृतिक रूप से घी और भभूति प्रकट होती है, जो श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। कार्यक्रम का शुभारंभ पूजन से हुआ। नगर परिषद उपसभापति हरीश मोदी, पूर्व पार्षद नितेश बाजारी, पार्षद सुनील सैनी सहित कई गणमान्य लोग मंच पर मौजूद थे। जोधपुर से आई सीता माली एंड पार्टी ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। गायिका सीता माली और गायक ओम भारती के भजनों पर श्रद्धालु झूमे। कॉमेडियन जगदीश प्रजापत ने हास्य प्रस्तुतियों से गुदगुदाया। श्रुति वैष्णव, ममता भारती और श्याम मारवाड़ी की झांकियों व नृत्यों ने मन मोह लिया। अंत में मंदिर समिति ने अतिथियों और कलाकारों का सम्मान किया। विक्की जैन, विक्रम लोधा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।