डीडवाना में पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। लोकसूचना जारी होने के बाद पहले दिन जिला परिषद और जिले की पांच पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए कुल 11 नामांकन पत्र भरे गए। जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना ने बताया कि पहले दिन जिला परिषद सदस्य पद के लिए दो उम्मीदवारों ने अपने पर्चे भरे। वहीं, विभिन्न पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए कुल नौ उम्मीदवारों ने नामांकन प्रस्तुत किए। नामांकन की बात करें तो नांवा पंचायत समिति में सबसे ज्यादा आठ उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किए। इटावा-बामनियां पंचायत समिति में एक उम्मीदवार ने पर्चा भरा। मकराना, परबतसर और पीलवा पंचायत समितियों में पहले दिन कोई नामांकन नहीं हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र भरने की आखिरी तारीख 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3 बजे तक है। इसके बाद 24 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 26 अक्टूबर को नाम वापस लेने की आखिरी तारीख तय की गई है।