डीडवाना में मंगलवार को विजयदशमी पर्व मनाया गया। पोस्ट ऑफिस के सामने दशहरा मेला मैदान में सनातन धर्म सभा ने 52 फीट ऊंचे रावण का पुतला जलाया। हजारों श्रद्धालु 'जय श्रीराम' के जयकारों के साथ मौजूद थे। सुबह मंदिरों और घरों में शस्त्र पूजन हुआ। शाम को नागोरिया मंदिर से भगवान जानकीनाथ की शोभायात्रा निकली। इसमें भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमानजी के स्वरूप शामिल थे। शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए दशहरा मेला मैदान पहुंची। मैदान में नागौरिया मठ के पीठाधीश्वर विष्णुप्रपन्नाचार्य महाराज की मौजूदगी में पूजन और आरती हुई। राम-रावण युद्ध का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम के स्वरूप ने अग्निबाण चलाकर रावण का वध किया। इसके बाद पुतला जल उठा और आतिशबाजी हुई। रावण का पुतला कलाकार धर्मेंद्र वैष्णव ने बनाया। दहन के बाद भगवान जानकीनाथ की महाआरती हुई और प्रसाद बांटा गया। बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, पुलिस बल व्यवस्था के लिए तैनात था।