डीडवाना पुलिस ने हत्या के मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस के अनुसार 3 मई 2026 को ग्राम बेड़ में संजू देवी नामक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष को मिली थी। सूचना मिलते ही निम्बी जोधा थानाधिकारी सिद्धार्थ प्रजापत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध पाए जाने पर एमओबी और एफएसएल टीमों को बुलाकर घटनास्थल का वैज्ञानिक परीक्षण कराया गया। मृतका के भाई जगदीश निवासी शिमला ने अपनी बहन की हत्या का आरोप उसके पति प्रेमाराम पर लगाया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद आरोपी प्रेमाराम फरार हो गया था और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी विदेश भागने की फिराक में है और उसने हवाई टिकट भी खरीद लिया था। इस पर जिला विशेष शाखा ने आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया। आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने बेहतर टीमवर्क और फील्ड इंटेलिजेंस का उपयोग करते हुए महज 48 घंटे में आरोपी प्रेमाराम (41) निवासी बेड़ को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी का मुंह दबाकर गला घोंटकर हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस कार्रवाई में निम्बी जोधा थाना, लाडनूं थाना, साइबर सेल और जिला विशेष शाखा की संयुक्त टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।