डीग में डीएसटी और सीकरी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी और तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 चोरी की बाइक बरामद की गई हैं। यह कार्रवाई एसपी शरण गोपीनाथ के निर्देशन में की गई। थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मंगलवार को गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर ककराला पहाड़ क्षेत्र में दबिश दी। मौके पर पुलिस को एक संदिग्ध युवक 10 बाइकों के साथ बैठा मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रूद्दी पुत्र मन्ना, निवासी कोलरी (सीकरी) बताया। फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेच देते थे जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी की बाइक अलग-अलग जिलों व राज्यों से खरीदता था। वह इन बाइकों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर और इंजन-चेसिस नंबर में छेड़छाड़ कर उन्हें बेच देता था। यह पूरा काम एक संगठित गिरोह के माध्यम से किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी रूद्दी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। अब पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के इस बड़े नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।