नशामुक्त भारत अभियान के तहत मीनाक्षी सेतिया अरोड़वंश गर्ल्स पीजी कॉलेज में पोस्टर, निबंध और कविता प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को दर्शाते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. मीनल कोचर ने बताया कि कार्यक्रम में माय भारत की युवा अधिकारी प्राची चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने स्वयंसेवकों को नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई। पोस्टर प्रतियोगिता में डिम्पल ने प्रथम, पूजा ने द्वितीय और अर्चना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कविता प्रतियोगिता में पूजा प्रथम, हबीबा द्वितीय और भावना तृतीय रहीं। इसी प्रकार निबंध प्रतियोगिता में प्रियंका ने प्रथम, सिमरन ने द्वितीय और रचना ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में योगाचार्य राजेंद्र नागपाल, सुरेंद्र शर्मा, नीरज वर्मा, उदयपाल और रजनी नागपाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. भीमसेन माल्या और कार्यक्रम प्रभारी ममता सचदेवा ने किया।