घर की छत पर सोलर सिस्टम लगे तो बिजली बिल में बचत हो सकती है। इसी दिशा में पीएम सूर्यघर योजना के तहत प्रदेश में पात्र उपभोक्ताओं के घरों पर 1.1 किलोवाट क्षमता के सोलर सिस्टम मुफ्त लगाने की तैयारी है। तीनों डिस्कॉम के लिए पहले चरण में 3 लाख सिस्टम लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। इनमें से 1 लाख सिस्टम अजमेर डिस्कॉम क्षेत्र में लगाए जाएंगे। अजमेर डिस्कॉम प्रबंधन ने सर्किलवार लक्ष्य तय कर टेंडर भी जारी कर दिए हैं। हालांकि, पहले निकाय चुनाव और अब पंचायती राज चुनाव की आचार संहिता के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है। आचार संहिता हटने के बाद काम में तेजी आने की उम्मीद है। बिजली बिल में बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा: सोलर सिस्टम से घरों में बिजली पैदा होगी, जिससे उपभोक्ताओं को बिजली बिल में बचत का अवसर मिलेगा। वास्तविक बचत बिजली की खपत और सिस्टम के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी। टेंडर की शर्तों के अनुसार सोलर प्लांट लगाने के बाद 10 साल तक उसके रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित वेंडर की होगी। अजमेर सर्किल को 7 हजार सिस्टम, सीकर को सबसे ज्यादा 12 हजार: सर्किलवार लक्ष्य में सीकर को सबसे ज्यादा 12 हजार सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य मिला है। उदयपुर 11 हजार के साथ दूसरे स्थान पर है। झुंझुनूं को 10 हजार, भीलवाड़ा और नागौर को 8-8 हजार तथा अजमेर, डीडवाना-कुचामन, बांसवाड़ा और चित्तौड़गढ़ को 7-7 हजार सिस्टम लगाने हैं। तीन शर्तें पूरी करने वाले उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ योजना का लाभ उन्हीं उपभोक्ताओं को मिलेगा, जिनकी मासिक बिजली खपत 150 यूनिट से कम है, जो एमआरसी पोर्टल पर पंजीकृत हैं और मुफ्त बिजली योजना का लाभ ले रहे हैं। इसके साथ उन्हें अपनी छत पर 1.1 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम लगवाने के लिए सहमत होना होगा। अजमेर डिस्कॉम क्षेत्र में मुफ्त बिजली योजना से जुड़े 1 लाख 9 हजार 809 उपभोक्ता हैं। इनके बीच लक्ष्य के अनुसार सोलर सिस्टम लगाए जाने हैं। लक्ष्य तय, प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी: डीटी अजमेर डिस्कॉम के डायरेक्टर टेक्निकल मुकेश चंद्र बाल्दी ने बताया कि पीएम सूर्यघर योजना के तहत 1.1 क्षमता के सोलर सिस्टम लगाए जाने हैं। प्रदेश में सोलर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए यह योजना बनाई गई है। इससे उपभोक्ताओं और सरकार, दोनों को फायदा होगा। लक्ष्य तय किए जा चुके हैं और लक्ष्य पूरा करने की प्रक्रिया जारी है। - मुकेश चंद्र बाल्दी, डायरेक्टर टेक्निकल, डिस्कॉम