भास्कर न्यूज | सवाई माधोपुर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 की सरगर्मी तेज हो गई है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि जिले के विभिन्न नगर निकायों में मतदान की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। दो चरणों में होगा मतदान: निर्वाचन कार्यक्रम के तहत नगर परिषद सवाई माधोपुर, नगर पालिका खण्डार और बौंली के लिए 9 सितंबर को मतदान होगा। वहीं नगर परिषद गंगापुर सिटी, नगर पालिका बामनवास और वजीरपुर के लिए 11 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। पहचान के लिए फोटोयुक्त दस्तावेज जरूरी: मतदान के दौरान मतदाताओं को अपनी पहचान स्थापित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र दिखाना होगा। हालांकि, यदि कोई मतदाता किसी कारणवश अपना मुख्य पहचान पत्र दिखाने में असमर्थ रहता है, तो राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित 11 वैकल्पिक फोटो दस्तावेजों में से किसी एक मूल दस्तावेज को दिखाकर भी मतदान किया जा सकता है। ये सभी वैकल्पिक दस्तावेज निकाय चुनाव की घोषणा से पहले के बने होने चाहिए। ये 11 वैकल्पिक दस्तावेज रहेंगे: मान्य आधार कार्ड] विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-RAMG) / मनरेगा जॉब कार्ड बैंकों या डाकघर द्वारा जारी की गई फोटोयुक्त पासबुक श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड / आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड ड्राइविंग लाइसेंस (ड्राइविंग लाइसेन्स) पैन कार्ड भारतीय पासपोर्ट फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज केंद्र / राज्य सरकार / लोक उपक्रम / पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र सांसदों एवं विधानसभा सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र यूनिक डिसएबिलिटी आईडी कार्ड (सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी) जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान के दिन इनमें से कोई एक वैध पहचान दस्तावेज अपने साथ जरूर लाएं, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और त्रुटिहीन तरीके से पूरी हो सके।