सुखाड़िया सर्किल स्थित रामलीला मैदान में शनिवार रात को हनुमान राम नाटक समिति ने दिव्य रामलीला का मंचन किया। कार्यक्रम में लंका दहन, मेघनाद-लक्ष्मण युद्ध व लक्ष्मण के मूर्छित होने के प्रसंग प्रमुख रहे। मंच पर मेघनाद के प्रहार से लक्ष्मण के घायल होने के दृश्य दिखाए गए। राम की व्याकुलता भी दिखाई गई। सबसे अधिक चर्चा आकाश मार्ग से संजीवनी लेकर लौटते हनुमान के दृश्य की रही। संजीवनी बूटी की आवश्यकता का प्रसंग आया। हनुमान का संजीवनी पर्वत लेकर आना मुख्य आकर्षण बना। रामलीला प्रभारी मनीष असीजा के अनुसार मंचन की नौवीं रात को लविश सेठी ने राम एवं मोना सेठी ने सीता का किरदार निभाया। संजय बतरा हनुमान बने एवं राजेश ने मेघनाद की भूमिका निभाई। निर्देशन राम चंद्र खुराना सहित टीम ने किया।