कोटा नगरी इस बार दीपावली पर्व पर आधुनिक सतरंगी रोशनियों से पूरी तरह सराबोर नजर आ रही है। शहर के मकान, दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और गलियां रंगीन लाइटों की जगमगाहट से सोने जैसी दमक रही हैं। करीब 1 करोड़ रुपए से अधिक की रोशनी से शहर रोशन है। कई बाजारों में अभी सजावट का काम चल रहा है। रोशनी की तैयारी चल रही है। कोटा का रिवर फ्रंट भी रंगीन रोशनी में नहाया हुआ किसी फिल्मी सेट से कम नजर नहीं आ रहा। अंधेरे को चीरती यह रोशनी कोटावासियों में नई ऊर्जा, दिशा और उत्साह का अहसास करा रही है। नए और पुराने कोटा में सजावट की होड़ गुमानपुरा, रामपुरा और जवाहर नगर के मुख्य बाजारों में व्यापारियों ने अपनी दुकानों और शोरूम्स को भव्य लाइटों से सजाया है। चौराहे सतरंगी पट्टियों से जगमगा रहे हैं। तलवंडी, जवाहर नगर, गुमानपुरा सहित शहर के तमाम प्रमुख रिहायशी क्षेत्रों में मकान और कॉलोनियां रोशनी से नहाई हुई हैं। शहर के अंदरूनी बाजारों और गलियों के साथ-साथ इस बार चंबल रिवर फ्रंट का नजारा भी हर किसी का मन मोह रहा है। रिवर फ्रंट को वॉर्म व्हाइट लाइटों से सजाया गया है। देखें कोटा में सजावट और रोशनी के फोटो