प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने शनिवार को अजमेर में कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा सियासी हमला बोला। पंचायती चुनावों को लेकर उन्होंने दावा किया कि हर सीट पर भाजपा की जीत होगी और पार्टी को बहुत अच्छे वोट मिलेंगे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा- “इलेक्शन तो जीत सकते नहीं, बातें और नाटक बहुत करते हैं।” राहुल गांधी को लेकर उन्होंने तंज कसा कि उन्हें बार-बार लॉन्च करने का प्रयास किया जाता है, लेकिन उनका लॉन्च हमेशा फेल हो जाता है। उन्होंने कांग्रेस को आत्ममंथन करने की सलाह भी दी। दीया कुमारी अजमेर के चंद्रवरदाई स्टेडियम में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से आयोजित 37वीं राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता का उद्घाटन करने पहुंची थीं। समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने चुनाव, कांग्रेस और राहुल गांधी को लेकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना और अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। हर सीट पर भाजपा की जीत पक्की पंचायती चुनावों को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा- बहुत अच्छा माहौल है और भारतीय जनता पार्टी की जीत पक्की है। ना केवल जीत होगी, पर बहुत अच्छे वोटों से हर सीट पर हमारी जीत होगी। लोकप्रियता साबित करने में कांग्रेस चूक जाती है कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार करते हुए दीया कुमारी ने कहा- कांग्रेस की तो बात छोड़ दीजिए, कांग्रेस तो यही करती रहती है। उनको बोलिए कि आप इलेक्शन तो जीत सकते नहीं, अब आप बातें बहुत करते हो, नाटक बहुत करते हो। लेकिन सचमुच में जब समय आता है प्रूव करने का कि जनता में आप लोकप्रिय हो या नहीं, तब आप चूक जाते हो। इसलिए यह लोग तो बस नाटक ही करते रहते हैं, झूठ बोलते रहते हैं। इनकी बातों में कोई दम नहीं है। राहुल गांधी को बार-बार लॉन्च करने का प्रयास, लेकिन हमेशा फेल हो जाता है’ राहुल गांधी और कांग्रेस में परिवारवाद के मुद्दे पर भी उपमुख्यमंत्री ने निशाना साधा। उन्होंने कहा- इनके नेता को बार-बार लॉन्च करने का प्रयास किया जाता है। बार-बार यह कोशिश करते हैं कि राहुल गांधी लॉन्च हो जाए, इस बार उसकी हो जाए किसी ना किसी तरह से... लेकिन वह हमेशा फेलियर हो जाता है। उनका लॉन्च हमेशा फेल हो जाता है। उन्होंने आगे कहा- तो उनको अब घर बैठ जाना चाहिए और अपने जो यह एक नेता को बहुत आगे बढ़ा रहे हैं और परिवारवाद में लिप्त पार्टी है, इनको भी सोचना चाहिए, आत्ममंथन करना चाहिए। खेल सुविधाओं और स्टेडियम के आधुनिकीकरण पर भी रखी बात राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के उद्घाटन के दौरान दीया कुमारी ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलो इंडिया और सांसद खेल प्रतियोगिता के माध्यम से खेलों को बढ़ावा दिया है। डिप्टी सीएम ने कहा- हमारी सरकार भी स्टेडियमों के आधुनिकीकरण, बेहतर खेल सुविधाओं और खिलाड़ियों को स्कॉलरशिप व प्रोत्साहन देने के लिए पूरी तरह समर्पित होकर काम कर रही है। प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।” कार्यक्रम के दौरान दीया कुमारी मंच से उतरकर हॉकी मैदान में भी पहुंचीं। यहां उन्होंने खिलाड़ियों के साथ हॉकी स्टिक थामकर खेल में हिस्सा लिया और उनका उत्साह बढ़ाया।