भास्कर संवाददाता | डूंगरपुर आतिशबाजी के साथ रविवार देर शाम को लक्ष्मण मैदान में डीपीएल 3 का आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व राज्य मंत्री सुशील कटारा, भाजपा नेता बंशीलाल कटारा, भाजपा के जिला महामंत्री पंकज जैन, नगर अध्यक्ष नयन सुथार, पूर्व रणजी खिलाड़ी शैलेंद्र गहलोत मौजूद रहे। जिला क्रिकेट संघ सचिव सुशील जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में इस बार 8 पुरुष टीम और 4 महिला टीमें भाग ले रही है। उन्होंने बताया कि इस बार प्रतियोगिता के सभी मैच टर्फ पिच पर खेले जा रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला साबला ब्लास्टर और चीखली थंडर्स के बीच खेला गया। टॉस जीत पहले बल्लेबाजी करने उतरी चीखली थंडर्स की पूरी टीम 16 ओवर मंे मात्र 68 रन पर ढेर हो गई। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी साबला ब्लास्टर ने 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की। प्रतियोगिता का दूसरा मैच सीमलवाड़ा स्टाईकर व सागवाड़ा गोल्डन के बीच खेला गया। पहले खेलते हुए सीमलवाड़ा ने 125 रन बनाए। इसमें कप्तान राहुल शर्मा ने अर्ध शतक लगाते हुए 51 रन बनाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी सागवाड़ा गोल्डन की टीम 100 रन पर ऑल आउट हो गई। सीमलवाड़ा ने 25 रन से जीत दर्ज की। मैन ऑफ द मैच राहुल शर्मा रहे। सोमवार को प्रतियोगिता का पहला मैच सीमलवाड़ा और साबला के बीच खेला गया। पहले खेलते हुए सीमलवाड़ा की पूरी टीम मात्र 63 रन ऑल आउट हो गई। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी साबला ने बिना विकेट खाए जीत के लिए आवश्यक रन बना लिए। मैन ऑफ द मैच मीत भावसार रहे।