जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने गुजरात ले जाई जा रही करीब 3 लाख रुपए मूल्य की 40 पेटी अंग्रेजी शराब से भरी एक कार जब्त की। पुलिस की घेराबंदी देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। डीएसटी को बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के पालीसोडा-पाटिया मार्ग पर जंगल के रास्ते से अवैध शराब गुजरात भेजे जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर डीएसटी ने क्षेत्र में निगरानी और रेकी की। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद डीएसटी प्रभारी एसआई मोहनपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने पालीसोडा-पाटिया के जंगल मार्ग पर नाकाबंदी की। मुखबिर द्वारा बताई गई गुजरात नंबर की होंडा अमेज कार वहां पहुंची। पुलिस को देखते ही ड्राइवर ने कार मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन कार बड़े पत्थरों पर फंस गई। इसके बाद ड्राइवर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 40 पेटियां और एक मोबाइल फोन मिला। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने कार, शराब और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। पकड़ी गई शराब बिछीवाड़ा थाना पुलिस को सुपुर्द की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब तस्कर पुलिस की निगरानी से बचने के लिए जंगल और कच्चे रास्तों का उपयोग कर गुजरात में अवैध शराब की तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।