डूंगरपुर में मंगलवार शाम दशहरे के मौके पर रावण परिवार के पुतलों का दहन किया गया। शहर के लक्ष्मण मैदान में 45 फीट ऊंचे रावण के साथ उसके बेटे मेघनाद और भाई कुंभकरण के पुतले जलाए गए। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई, जिसे देखने बड़ी संख्या में लोग जमा हुए। इससे पहले रामबोला मठ से भगवान राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमानजी की शोभायात्रा निकाली गई। इसमें वानर सेना और जीवंत झांकियां शामिल थीं। नगरपरिषद की ओर से निकाली गई यह शोभायात्रा शहर के अलग-अलग रास्तों से होकर लक्ष्मण मैदान पहुंची। मैदान में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने श्रीराम दरबार की पूजा-अर्चना की। आरती के बाद रंगीन आतिशबाजी शुरू हुई। इसके बाद 45 फीट ऊंचे 10 सिर वाले रावण के पुतले के साथ मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। पुतलों की आंखों से आतिशी तीर निकले और धमाकों के साथ तीनों पुतले जलकर खाक हो गए।