डूंगरपुर में दिवाली से पहले घरों की सफाई में निकलने वाले पुराने कपड़े, जूते और खिलौने अब जरूरतमंद परिवारों की दिवाली रोशन करेंगे। नगरपरिषद ने गैपसागर की पाल पर 'नेकी की दीवार' बनाई है। यहां शहरवासी अपनी पुरानी, लेकिन उपयोगी चीजें दान कर सकते हैं। नगरपरिषद सभापति सुशीला गुप्ता ने शहरवासियों से अपील की है। उन्होंने कहा कि घरों की सफाई में निकलने वाली साफ-सुथरी चीजों को कचरे में फेंकने के बजाय 'नेकी की दीवार' पर दें। आपकी अनुपयोगी चीज किसी जरूरतमंद के लिए अनमोल उपहार बन सकती है। सभापति ने बताया कि कई लोग स्वेच्छा से नए और पुराने कपड़े, जूते जैसी उपयोगी चीजें दान कर रहे हैं। यह पहल सिर्फ सामान दान करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करती है। इस दिवाली अपनी उपयोगी सामग्री से जरूरतमंदों के घरों में भी खुशियों का उजाला लाएं।