डूंगरपुर में जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 2.5 लाख रुपए की अंग्रेजी शराब से भरी एक ईको कार जब्त की है। तस्कर इस शराब को अवैध रूप से गुजरात ले जा रहे थे, लेकिन पुलिस की नाकाबंदी देखकर ड्राइवर कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस को बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र से एक ईको कार में शराब की खेप गुजरात ले जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर टीम ने पालीसोड़ा रोड पर नाकाबंदी की। इसी दौरान गुजरात नंबर की एक ईको कार आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर ड्राइवर ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए कार का टायर पंक्चर कर दिया। इसके बावजूद ड्राइवर करीब एक किलोमीटर तक कार को दौड़ाता रहा और फिर मेन रोड से अंदर एक मकान के पास कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब के 31 कार्टन बरामद हुए। जब्त शराब की कीमत करीब 2.5 लाख रुपए आंकी गई है। जिला विशेष टीम ने जब्त कार और शराब को आगे की कार्रवाई के लिए बिछीवाड़ा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। फरार ड्राइवर और शराब तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और गुजरात में किसे सप्लाई की जानी थी।