डूंगरपुर की रामसागड़ा थाना पुलिस ने लोडवाड़ा में हुई नकबजनी का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में 18 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी की बाइक और मोबाइल फोन मिले हैं। युवक ने पूछताछ में बाइक बरोठी और मोबाइल लोडवाड़ा से चोरी करना कबूल किया है। रामसागड़ा थानाधिकारी कैलाश पंचारिया ने बताया कि हरिशसिंह राजपुरोहित ने इस बारे में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हरिशसिंह महादेव नगर, मोहनगढ़, जैसलमेर के रहने वाले हैं और फिलहाल लोडवाड़ा में पटेल के मकान में रहते हैं। उन्होंने बताया कि 8 सितंबर की रात चोर दीवार कूदकर उनके मकान में घुसे थे। चोर कमरे में चार्जिंग पर लगा वीवो वाई-21 मोबाइल फोन चुराकर ले गए थे। इस रिपोर्ट के आधार पर रामसागड़ा थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मौज-शौक करने, गर्लफ्रेंड को घुमाने और अपने खर्चों के लिए पैसे जुटाने के मकसद से चोरी करता था।