डूंगरपुर जिले के धम्बोला थाना क्षेत्र के सामा घरा गांव में एक 17 साल के नाबालिग ने अपने घर के पास पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। धम्बोला थाने के एएसआई गजेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की 10 साल पहले मौत हो चुकी थी। वह रविवार देर शाम घर लौटा था। रात में खाना खाने के बाद सभी सो गए। सुबह परिजनों ने उसे घर के पास पेड़ से लटका देखा। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा। इसके बाद शव को सीमलवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट किया गया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।