डूंगरपुर जिले में शारदीय नवरात्र उत्सव की धूम है। डीजे और बैंड-बाजे की धुन पर युवा, महिलाएं और बच्चे गरबा की मस्ती में डूबे नजर आ रहे हैं। नवरात्र की सप्तमी तिथि की रात शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक गरबा पंडालों में काफी उत्साह दिखा। चकाचौंध रोशनी से सजे पंडालों में श्रद्धालुओं ने रंग-बिरंगी वेशभूषा पहनकर देर रात तक गरबा रास किया। दिनभर देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना और दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है। रात होते ही यह भक्ति गरबा उत्सव में बदल जाती है। सप्तमी की रात गुजराती गरबा गीतों के साथ फिल्मी और रीमिक्स गानों पर युवक-युवतियों ने डांडिया खेला। शहर के प्रतापनगर, पत्रकार कॉलोनी, शास्त्री कॉलोनी, न्यू कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड, सोनिया चौक, मानक चौक और भोईवाड़ा मोहल्ला जैसे क्षेत्रों में बने गरबा पंडालों में देर रात तक भीड़ रही। पूरे माहौल में नवरात्र का उत्साह साफ दिखा।