डूंगरपुर पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन विभाग सक्रिय हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी देशल दान और एसपी मनीष कुमार ने कलेक्ट्रेट के आईटी सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के जरिए ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों को हथियार जमा कराने, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त निगरानी बढ़ाने तथा मतदान केंद्रों पर रोशनी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया। साथ ही चुनाव में नियुक्त अधिकारियों, कर्मचारियों और मतदान दलों को मतगणना पूरी होने तक मुख्यालय पर ही रहने के निर्देश दिए गए। व्यवस्थाओं की समीक्षा, फील्ड में उतरेंगे अधिकारी जिला निर्वाचन अधिकारी देशल दान ने रिटर्निंग अधिकारियों और विकास अधिकारियों से चुनाव को लेकर अब तक की गई तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने हथियार जमा कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशासन और पुलिस को आपसी समन्वय से फील्ड में निगरानी रखने तथा अधिकारियों को स्वयं फील्ड विजिट कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव में नियुक्त सभी अधिकारी, कर्मचारी और मतदान दल मतगणना समाप्त होने तक अपने मुख्यालय पर ही रहेंगे, ताकि चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा किया जा सके। हर बूथ पर रोशनी, आसपास भी रहेगी निगरानी एसपी मनीष कुमार ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर रोशनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और मतदान केंद्रों के आसपास के इलाकों पर भी निगरानी रखने को कहा। इसके साथ ही बूथों के नजदीक चल रहे निर्माण कार्यों से संबंधित सामग्री हटवाने के निर्देश दिए, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। आपसी तालमेल से बनाए रखें कानून-व्यवस्था बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। निर्वाचन विभाग ने अधिकारियों को चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।