डूंगरपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव के दौरान चुण्डावाड़ा पोलिंग बूथ पर ड्यूटी कर रहे पीओ प्रथम की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम मशीन की सीलिंग का कार्य करते समय वह नीचे गिर पड़े। मौके पर मौजूद अन्य मतदान कार्मिकों ने 108 एम्बुलेंस की मदद से उन्हें डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चाड़ोली गांव निवासी सोमेश्वर पुत्र हीरालाल डेंडोर पीठ सीनियर स्कूल में पीटीआई शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। जिले में चल रहे पंचायतीराज चुनाव के तहत उनकी ड्यूटी बिछीवाड़ा ब्लॉक के चुण्डावाड़ा पोलिंग बूथ पर पीओ प्रथम के रूप में लगाई गई थी। बुधवार को मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद पोलिंग बूथ पर ईवीएम मशीन की सीलिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक सोमेश्वर डेंडोर की तबीयत बिगड़ गई और वह नीचे गिर पड़े। इसके बाद वहां मौजूद अन्य कार्मिकों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस की मदद से उन्हें डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका आईसीयू में इलाज जारी है।