डूंगरपुर में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण के तहत बुधवार को जिला परिषद की 17 और 7 पंचायत समितियों की 115 सीटों पर वोटिंग हुई। शाम 6 बजे तक 56.16 प्रतिशत लोगों ने वोट किया। वहीं, फाइनल मतदान प्रतिशत में आंकड़ा बढ़ने की उम्मीद है। आसपुर क्षेत्र के लीलवासा में वोट देकर जा रही एक बोलेरो कार से टकरा गई। हादसे में 13 लोग घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण के तहत मतदान को लेकर दिनभर मतदाताओं में उत्साह रहा। पहले चरण में सरपंच ओर वार्डपंच के मतदान से दूसरे चरण में भीड़ कम नजर आई। सुबह के समय मतदान शुरू होने के साथ ही बिलड़ी सीनियर स्कूल मतदान केंद्र के एक बूथ पर ईवीएम मशीन करीब 35 मिनट तक खराब हो गई। जिस वजह से शुरुआती समय में मतदान रुका रहा। मशीन को ठीक करने के बाद फिर से मतदान शुरू हुआ। कई जगहों पर मतदान की रफ्तार काफी धीमी रही। दूसरे चरण के तहत शाम 6 बजे तक गामड़ी अहाड़ा पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 64.40 प्रतिशत मतदान हुआ। पाल देवल में 62.38 प्रतिशत, बिछीवाड़ा में 61.53 प्रतिशत, आसपुर में 51.32 प्रतिशत, दोवड़ा में 54.27 प्रतिशत, डूंगरपुर में 54.72 प्रतिशत मतदान हुआ है। फाइनल पोलिंग आने पर ये आंकड़ा बढ़ सकता है। जिले में दूसरे चरण के तहत जिला परिषद के 17 वार्डों में मतदान हुआ। इनमें 58 उम्मीदवार मैदान में थे। वहीं, 7 पंचायत समितियों डूंगरपुर, आसपुर, बिछीवाड़ा, दोवड़ा, साबला, गामड़ी अहाड़ा और देवल की 115 सीटों पर मतदान हुआ। इन पर 376 उम्मीदवार थे। इनमें 572 मतदान केंद्र बनाए गए। भाजपा, कांग्रेस, बीएपी के दिग्गजों के बीच मुकाबला: दूसरे चरण में भाजपा, कांग्रेस और बीएपी के कई दिग्गज मैदान में थे। भाजपा से पूर्व विधायक देवेंद्र कटारा, पूर्व जिलाध्यक्ष वेलजी पटेल, कांग्रेस से पूर्व विधायक पूंजीलाल परमार, पूर्व जिला प्रमुख रतन देवी भराड़ा, पूर्व उप जिला प्रमुख प्रेमकुमार पाटीदार मैदान में थे। इसके अलावा बीएपी से राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य कांति भाई रोत, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुतोष रोत चुनाव में उतरे थे।