डूंगरपुर जिले के कुआ थाना क्षेत्र के डूंगरसारण गांव में एक युवक का संदिग्ध हालत में शव मिला है। परिजनों ने प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमिका और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुआ थाने के एएसआई गणेशलाल ने बताया कि गुरुवार को डूंगरसारण गांव के पास एक युवक का संदिग्ध अवस्था में शव मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान उदयपुर जिले के फलासिया थाना क्षेत्र के फूटागढ़ निवासी सुनील कुमार भगोरा के रूप में की। पुलिस ने शव को डूंगरपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। सुबह परिजन डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेम प्रसंग के चलते सुनील की हत्या का आरोप लगाया। मृतक के भाई कमलेश भगोरा ने पुलिस को रिपोर्ट देकर बताया कि सुनील 1 जुलाई को अपने घर से निकला था। कमलेश के अनुसार 2 जुलाई को एक लड़की ने फोन किया और सुनील कुमार से बात करवाने को कहा था। इसके तुरंत बाद जब परिजनों और सहयोगियों ने वापस उस नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, तो फोन रिसीव नहीं हुआ। कमलेश कुमार ने लड़की पर साजिश के तहत सुनील कुमार को फोन करके अपने घर बुलाने और अपने परिजनों के साथ उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एएसआई गणेशलाल के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।