शारदीय नवरात्रि के अवसर पर सेवा भारती और राष्ट्र सेविका समिति ने आदर्श विद्या मंदिर रामझरोखा में कन्या पूजन किया। दुर्गा अष्टमी और नवमी पर हुए इस कार्यक्रम में संत शिवमदास और भीमादास महाराज शामिल हुए। इस दौरान 201 कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया। समारोह से समाज में समानता, आपसी सद्भाव और समरसता का संदेश दिया गया। शहर की आठ सेवा बस्तियों की कन्याओं को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। सेवा भारती के जिलाध्यक्ष मधुसुदन त्रिवेदी ने बताया कि संस्था हर साल दुर्गा अष्टमी पर सेवा बस्तियों की कन्याओं का पूजन करती है। कार्यक्रम से प्रभावित होकर विशिष्ट अतिथि विक्रम जैन ने एक सेवा केंद्र को साल भर के लिए गोद लिया। मुख्य वक्ता जोधपुर प्रांत समिति के अध्यक्ष चंपत मिस्त्री ने कहा कि पुत्री देवी का स्वरूप है। सेवा भारती का उद्देश्य बालिकाओं के प्रति सम्मान, स्नेह और लैंगिक समानता को मजबूत करना है। कन्या पूजन का अर्थ हर बालिका के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प लेना है।