भास्कर न्यूज | झुंझुनूं सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूरे होने पर मनाए जा रहे सहकार सप्ताह के तहत शुक्रवार को जिला स्तरीय सहकारी विकास समिति की बैठक कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में समिति की सदस्य सचिव एवं सहकारी समितियां की उप रजिस्ट्रार विभा खेतान ने प्रगति रिपोर्ट रखी। गोदाम निर्माण, पैक्स (पीएसीएस) के कम्प्यूटरीकरण और सहकारिता क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने सहकारी समितियों को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने तथा किसानों व आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने सहकारिता योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर उन्हें जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। बैठक में पैक्स कम्प्यूटरीकरण की प्रगति और इसकी कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान उप रजिस्ट्रार विभा खेतान को प्रशस्ति पत्र दिया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर अजय कुमार आर्य, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामनिवास, केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक संदीप शर्मा सहित अधिकारी मौजूद रहे। सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सहकार सप्ताह के तहत जयपुर स्थित कॉन्स्टीट्यूशनल क्लब में राज्य स्तरीय सहकारी महोत्सव मनाया गया। इसमें झुंझुनूं की उप-रजिस्ट्रार विभा खेतान को जिले में नवाचार करने, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री गौतम कुमार दक, शासन सचिव व रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा, राजफैड के एमडी सौरभ स्वामी, अपेक्स बैंक के एमडी रणवीर सिंह चुंडावत ने प्रदान किया। उन्हें यह सम्मान सहकारिता अधिनियम के तहत 250 निष्क्रिय समितियों के रजिस्ट्रेशन रद्द करने, लंबित प्रकरणों का निस्तारण करने, नवाचार के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में मिलेट कैफे शुरू करने, सहकार से समृद्धि विजन के सफल क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।