इटावा में मंगलवार को विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुखनी नदी के तट पर स्थित दशहरा मैदान में भगवान श्रीराम के तीर से 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इसके साथ ही 31-31 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले भी जलाए गए। नगर पालिका की ओर से हुई भव्य आतिशबाजी और आकर्षक झांकियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग दशहरा मैदान पहुंचे। इसी के साथ न्यू बस स्टैंड के पास स्थित दशहरा मैदान में 10 दिवसीय दशहरा मेले की शुरुआत भी हुई। नगर पालिका अध्यक्ष निर्मला नागर ने भगवान श्रीगणेश और माता रानी की पूजा-अर्चना कर मेले का शुभारंभ किया। इसके बाद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय और बोर्ड के सदस्यों ने तिरंगे गुब्बारे उड़ाए। भगवान श्रीराम के तीर से जला रावण का पुतला दशहरा मैदान में रावण दहन से पहले आदर्श रामलीला संस्थान की ओर से वनवासी राम और अन्य आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा शहर के मुख्य बाजार से होते हुए दशहरा मैदान पहुंची। इसके बाद भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम में हनुमानजी की ओर से सोने की लंका को अग्नि देने का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। इसके बाद पहले मेघनाद और कुंभकर्ण के 31-31 फीट ऊंचे पुतलों का दहन हुआ। अंत में भगवान श्रीराम ने रावण की नाभि में तीर मारकर उसका वध किया। तीर लगते ही 51 फीट ऊंचा रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा। इस दौरान मैदान में मौजूद लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत के जयकारे लगाए। 10 दिवसीय दशहरा मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण नगर पालिका अध्यक्ष निर्मला नागर ने कहा कि दशहरा मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर है। इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इससे जुड़ी रहें। मेले के पहले दिन रावण दहन, रंगीन आतिशबाजी और विभिन्न झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। नगर पालिका की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसादी भी वितरित की गई। दशहरा मेले में सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजूलाल मीणा और मेला प्रभारी राकेश मेघवाल ने बताया कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इनके जरिए मेले की गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस और प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहेगा। दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेज के आसपास दो बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इससे मैदान में दूर खड़े लोग भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आसानी से देख सकेंगे। नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित अधिकारी रहे मौजूद दशहरा महोत्सव और मेले के शुभारंभ के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष निर्मला नागर, उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय, अधिशासी अधिकारी राजूलाल मीणा, मेला प्रभारी राकेश मेघवाल सहित नगर पालिका के बोर्ड सदस्य, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।