खैरथल| जिला मुख्यालय बनने के बाद खैरथल में यात्रियों की संख्या बढ़ी है, लेकिन इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर खैरथल रेलवे स्टेशन पर जन संवाद कार्यक्रम में रेल सुविधाओं का मुद्दा उठाया गया। इसमें स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार, रेल परिचालन और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव सहित विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। जयपुर से आए रेलवे अधिकारियों के समक्ष खैरथल विकास मंच की ओर से स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता रखी गई। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। साथ ही दिल्ली तक ट्रेन के विस्तार की मांग भी उठाई गई। बैठक के दौरान उदयपुर-जयपुर ट्रेन संख्या 12991-12992 का दिल्ली तक विस्तार करने की मांग की गई। रेल अधिकारियों को बताया गया करीब 34 साल पहले आमान परिवर्तन के समय दिल्ली-उदयपुर के बीच संचालित ट्रेन का खैरथल स्टेशन पर ठहराव था।