पुरानी टोंक थानांतर्गत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शुक्रवार देर रात हुई कार चोरी की वारदात ने लोगों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं को बढ़ा दिया है। मंडी व्यापारी विकास खंडेलवाल के मकान के बाहर खड़ी क्रेटा कार को तीन शातिर बदमाश महज ढाई मिनट में चुराकर फरार हो गए। हालांकि सवा 12 बजे से साढ़े 12 बजे के बीच तीन बार कार चोर आए थे। वे मकान के बाहर से गुजरे। इस दौरान पहले गेट खोलकर चले गए। फिर रात एक बजे आए। ढाई मिनट में कार चुराकर फरार हो गए। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सुबह जब मकान के बाहर कार खड़ी नहीं मिली, तो पीड़ित विकास खंडेलवाल ने पुरानी टोंक थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। शिकायत मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर उसका परीक्षण शुरू कर दिया है। एएसआई प्रदीप साहू ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब एक बजे हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-1 स्थित एक मकान के बाहर खड़ी कार को अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पहले रैकी की-फिर बाद में चोरी : हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-1 स्थित मकान संख्या 2/441 निवासी मंडी व्यापारी विकास खंडेलवाल ने बताया कि रोज की तरह उन्होंने अपनी क्रेटा कार घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि बदमाशों ने वारदात से पहले इलाके की रैकी की थी। रात 12 बजे से साढ़े 12 बजे के बीच टेंपरेरी नंबर प्लेट लगी एक कार कई बार मकान के सामने से गुजरती दिखाई दी। करीब 12 बजे आरोपियों ने कार का लॉक खोलने का प्रयास किया। बाद में रात ठीक 1 बजे दोबारा पहुंचे। तीनों बदमाश महज ढाई मिनट में लॉक तोड़कर क्रेटा कार चोरी कर फरार हो गए। हाउसिंग बोर्ड जैसी पॉश कॉलोनी में कार चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। उनका कहना है कि जब शहर के सबसे व्यवस्थित क्षेत्रों में भी वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो अन्य इलाकों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। आरोप है कि शहर में वाहन चोरी, मकानों में सेंधमारी और दुकानों में चोरी की घटनाओं के बाद भी पुलिस गश्त का अपेक्षित असर दिखाई नहीं दे रहा।