भास्कर न्यूज. टोंक. टोंक के डाक बंगले में रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक ‘रंग मल्हार’ कला महोत्सव होगा। आयोजन बनास कलाकार समूह के तत्वावधान में होगा। जिले के करीब 100 कलाकार एक साथ चित्रकला का सृजन करेंगे। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘संदूक की यादें’ रखी गई है। आयोजकों के अनुसार कलाकार पुरानी विरासत, पारिवारिक स्मृतियां, सांस्कृतिक धरोहर को चित्रों के जरिए पेश करेंगे। कार्यक्रम में स्कूल के बच्चे भाग लेंगे। वरिष्ठ कलाकार भी शामिल होंगे। बनास कलाकार समूह के संयोजक जसवंत सिंह नरुका ने बताया कि यह सामुदायिक कला महोत्सव वर्ष 2010 में चित्रकार विद्यासागर उपाध्याय की परिकल्पना से शुरू हुआ था। आयोजकों का कहना है कि पिछले 16 वर्षों में यह आयोजन देश के कई शहरों तक फैल चुका है। यह कलाकारों के लिए सृजन का मंच बना है। यह सांस्कृतिक संवाद का मंच बना है। आर्टिस्ट शाइस्ता खान ने बताया कि इस वर्ष भारत में भीलवाड़ा, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, अजमेर, जयपुर, बीकानेर, दिल्ली, भोपाल, लखनऊ, अहमदाबाद, बड़ोदरा, वाराणसी, प्रयागराज सहित कई शहरों में ‘रंग मल्हार’ के आयोजन होंगे। उन्होंने कहा कि मिस्र, फ्रांस, बेल्जियम, बांग्लादेश, फिलीपींस, इंडोनेशिया समेत करीब 20 देशों के कलाकार ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे। आयोजकों के अनुसार देश-विदेश के 100 से अधिक चित्रकार इस पहल से जुड़े रहेंगे। आयोजन के बाद प्रतिभागी कलाकारों का सम्मान किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान कलाकारों के बीच नई तकनीकों, नए विचारों का आदान-प्रदान होगा। कार्यक्रम से जुड़ी गतिविधियां सोशल मीडिया पर भी साझा की जाएंगी।