परकोटे में हवामहल के सामने शुरू की गई वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था का विरोध शनिवार को चार बाजारों तक फैल गया। व्यवस्था लागू होते ही व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं और सड़क पर उतरकर अधिकारियों व सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने पैदल मार्च निकालकर वन-वे व्यवस्था का विरोध किया। इसमें हवामहल, चांदी की टकसाल, सुभाष चौक और पुराने आमेर रोड के व्यापारी शामिल हुए। व्यापारियों का कहना था कि सुभाष चौक से हवा महल की ओर जाने वाले रूट को डायवर्ट करने से बाजार में ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है। इससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने कहा कि पर्यटक सीजन में जब बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़नी चाहिए, तब वन-वे व्यवस्था के कारण व्यापार पर संकट खड़ा हो गया है। व्यापारियों के विरोध की सूचना मिलने पर जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल और महामंत्री सुरेश सैनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सिरढ़ोडी व्यापार मंडल के अध्यक्ष विनय प्रकाश से बातचीत की। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों से भी बात की गई। सुभाष चौक व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल और महामंत्री महावीर शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने विरोध जारी रखा। मौके पर पहुंचे ट्रैफिक पुलिस डीसीपी हरी प्रसाद सोमानी ने व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन व्यापारी वन-वे व्यवस्था में बदलाव की मांग पर अड़े रहे। आखिरकार व्यापारियों के विरोध के बाद शाम 4 बजे ट्रैफिक पुलिस को व्यवस्था बदलनी पड़ी। वन-वे व्यवस्था खत्म कर रूट पर टू-वे ट्रैफिक शुरू किया गया।