न्यू सांगानेर रोड पर मानसरोवर मेट्रो स्टेशन से न्यू आतिश मार्केट तक एक किमी का सफर तय करने में ट्रैफिक कट में ही उलझा रहता है। वाहन चालकों को यह दूरी तय करने में 10 मिनट तक लग जाते हैं। पीक आवर में यह दबाव दोगुना हो जाता है। इस दबाव को कम करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने गोपालपुरा बाईपास पर गंगा-जमुना पेट्रोल पंप तिराहे का कट बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया। इस कट से प्रतिदिन करीब 2 लाख वाहन गुजरते हैं। इससे मानसरोवर से गोपालपुरा बाईपास आने-जाने वाले वाहन चालकों को पं. टीएन मिश्रा मार्ग और न्यू आतिश मार्केट के कट से यू-टर्न कर आना पड़ रहा है। लेकिन इसका दबाव न्यू आतिश मार्केट में पार्किंग, अतिक्रमण और संकरी सड़कें नई व्यवस्था की राह में चुनौती बन सकती हैं। सड़क पर पार्किंग और अतिक्रमण हटाने होंगे मानसरोवर मेट्रो स्टेशन से न्यू आतिश मार्केट तक 1 किमी में मानसरोवर-न्यू सांगानेर रोड तिराहा, निर्माण नगर तिराहा, पं. टीएन मिश्रा मार्ग, गंगा-जमुना पेट्रोल पंप और न्यू आतिश मार्केट के दोनों कट शामिल हैं। इतने कम अंतराल में कट होने से वाहनों को गति नहीं मिल पाती। एक तरफ से आने वाले वाहन मुड़ते हैं तो दूसरी तरफ से गुजर रहे वाहनों की रफ्तार प्रभावित होती है। बदलाव की असल परीक्षा आज 4 दिन की छुट्टियों के बाद बुधवार को कार्यालय खुलेंगे और सड़कों पर सामान्य दिनों जैसा दबाव रहेगा। ऐसे में देखना होगा कि कट बंद करने से गोपालपुरा बाईपास पर यातायात सुचारु होता है या जाम का दबाव दूसरे रास्तों और यू-टर्न पर शिफ्ट हो जाता है। कट बंद करना ट्रैफिक सुधार की दिशा में एक कदम है। स्थायी राहत के लिए सड़क की पूरी उपलब्ध चौड़ाई का उपयोग किया जाएगा। व्यवस्थित यू-टर्न के लिए सख्त नो-पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है। -प्रवीण नायक, डीसीपी ट्रैफिक जयपुर