मुंगेड़| गांव में स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। मुख्य चौराहों और गलियों में रखे कचरा पात्र भरकर ओवरफ्लो हो रहे हैं। कचरा सड़कों पर फैलने से ग्रामीणों को बदबू और गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई दिनों से कचरा गाड़ी और सफाई कर्मचारी नहीं आए हैं, जिससे समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, कचरा पात्रों से बाहर निकले कचरे को पशु सड़कों पर फैला रहे हैं। इससे स्कूली बच्चों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। गंदगी के कारण मच्छर बढ़ने और बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच और ग्राम विकास अधिकारी को कई बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद सफाई नहीं हुई है। इससे गांव में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। बांसवाड़ा| दीपावली के त्योहार पर आमजन को शुद्ध व गुणवत्ता पूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य सामग्री की जांच के लिए नमूने लेने की कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार तथा जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत सिंह यादव व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के आदेश पर खाद्य सुरक्षा दल द्वारा कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाई और नमकीन के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास मीणा, अनिल कुमार अहारी, मयूर हगावानिया, कमलेश डामोर शामिल रहे। लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा व मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी उम्मेद मल टेलर ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता व शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी रखी जा रही है। अभियान का उद्देश्य मिलावट पर अंकुश लगाना और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।