अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाने पर बुधवार रात करीब 50-60 लोगों ने पथराव कर दिया। पथराव में थानाधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। एएसआई के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। घटना हुड़दंग मचा रहे 2 युवकों की बाइक जब्त करने के बाद हुई। भीड़ को खदेड़ने के बाद एहतियात के तौर पर करीब 15 थानों से पुलिस का जाब्ता बुलाया गया। थानाधिकारी धर्म सिंह ने बताया- पुलिस ने रात करीब 10 बजे हुड़दंग मचा रहे 2 युवकों पर कार्रवाई की। नियमों का उल्लंघन करने पर दिल्ली नंबर की उनकी बुलेट बाइक जब्त कर ली। बाइक पर न हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट थी और न ही मानक साइलेंसर लगा था। बाइक में तेज आवाज वाले अवैध हॉर्न और पटाखे जैसी साउंड निकालने वाला मॉडिफाइड साइलेंसर भी लगा हुआ था। बाइक जब्त करने पर युवकों ने विरोध किया, फिर थोड़ी देर बाद वहां से चले गए। बाइक न लौटाने पर कर दिया पथराव पुलिस के अनुसार, कुछ देर बाद ये युवक 50 से ज्यादा लोगों के साथ थाने पहुंच गए। इन लोगों ने ASI बलवीर सिंह से बाइक लौटाने को कहा तो एएसआई ने नियमानुसार कार्रवाई की बात कही। इस पर लोग भड़क गए और ASI बलवीर से अभद्रता और धक्का-मुक्की करने लगे। भीड़ ने थाने पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे स्थिति हिंसक हो गई। पुलिस की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। पथराव के दौरान ही थानाधिकारी धर्म सिंह घायल हो गए, जिन्हें तुरंत गोविंदगढ़ सीएचसी ले जाया गया। गोविंदगढ़ थाने में मौजूद पुलिस बल ने भीड़ को खदेड़कर वहां से भगाया। 15 थानों से पुलिस का जाब्ता बुलाया घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी डॉ. प्रियंका रघुवंशी और पुलिस उपाधीक्षक कैलाश जिंदल तुरंत मौके पर पहुंचे। पथराव के बाद एहतियात के तौर पर कोतवाली अलवर, एनईबी, शिवाजी पार्क, उद्योग नगर एमआईए, वैशाली नगर, सदर अलवर, टहला, रामगढ़, नौगांवा, लक्ष्मणगढ़, कठूमर, मालाखेड़ा, बड़ौदामेव, राजगढ़ और रैणी थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। 18 लोगों को किया डिटेन एडिशनल एसपी डॉ. प्रियंका रघुवंशी ने बताया- बाइक जब्त करने के बाद रात 11:15 बजे के करीब 50-60 लड़के हुजूम के रूप में आए। समझाइश के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें थानाधिकारी सहित तीन-चार पुलिसकर्मियों के चोटें आई हैं। रात को ही मुकदमा दर्ज कर 18 लोगों को डिटेन किया है। उनकी पहचान की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।