टोंक| हज-2027 के मुकद्दस सफर पर जाने के इच्छुक लोगों के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। हज आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित है। सुभाष बाजार स्थित निजाम फैक्ट्री में अब तक 45 आवेदन निशुल्क भरे जा चुके हैं। यहां अंतिम तिथि तक बिना किसी शुल्क के आवेदन भरे जा रहे हैं। हज गाइडेंस सोसायटी के अध्यक्ष मोईनुद्दीन निजाम ने बताया कि हज-2027 के लिए आवेदन करने वाले आवेदक का पासपोर्ट 31 दिसंबर तक वैध होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में हज कमेटी आवेदन के साथ किसी प्रकार की फीस जमा नहीं कर रही है। आवेदन प्रक्रिया में मुश्ताक अहमद, असलम अंसारी, मतीन अंसारी और जावेद अख्तर प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी निशुल्क सहयोग कर रहे हैं। आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में मूल पासपोर्ट, सफेद बैकग्राउंड वाला पासपोर्ट साइज फोटो, ब्लड ग्रुप रिपोर्ट, बैंक पासबुक, ई-मेल आईडी, पैन कार्ड, आधार कार्ड, नॉमिनी का आधार कार्ड आदि देना जरूरी है। मोईनुद्दीन निजाम ने बताया कि 65 वर्ष या उससे अधिक आयु के आवेदकों का चयन बिना कुर्रा (लॉटरी) के किया जाएगा। ऐसे हाजी के साथ 64 वर्ष से कम आयु का एक सहयात्री भी बिना कुर्रा के चयनित हो सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि हज कमेटी ने 20 दिन के शॉर्ट हज पैकेज का विकल्प भी उपलब्ध कराया है। इस कार्यक्रम में मदीना शरीफ में दो दिन का प्रवास निर्धारित है।