हनुमानगढ़ के तलवाड़ा झील थाना क्षेत्र के डबलीकलां में घर में घुसकर पिता-पुत्र से मारपीट, जान से मारने की धमकी और अलमारी से सोने के गहने चोरी करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता भीमसैन ने अपने ससुर इंद्राज, चाचा ससुर भागीरथ, सालों पंकज और राजशेखर समेत 2-3 अन्य लोगों पर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुबह दो गाड़ियों में पहुंचे आरोपी चक 5 एमजेडडब्ल्यू, डबलीकलां निवासी भीमसैन (34) पुत्र सतपाल जाट ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी साल 2015 में पोहड़का निवासी कंचन से हुई थी। शिकायत के अनुसार, शादी के बाद से ही उसकी पत्नी का परिवार के सदस्यों से विवाद चलता रहा। भीमसैन ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी कई बार उसकी मां और बेटे के साथ मारपीट भी कर चुकी है। विवाद को परिवार और समाज के स्तर पर सुलझाने के प्रयास भी किए गए। भीमसैन के अनुसार, 10 सितंबर की सुबह करीब 7:20 बजे उसके ससुर इंद्राज, चाचा ससुर भागीरथ, साले पंकज और राजशेखर सहित 2-3 अन्य लोग दो गाड़ियों में सवार होकर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी लोग जबरन घर में घुस गए और उसके तथा उसके नाबालिग बेटे के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। बेल्ट से सिर पर वार करने का आरोप शिकायत में भीमसैन ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान राजशेखर ने बेल्ट से उसके सिर पर वार किए। इसी दौरान उसकी पत्नी कंचन की दाहिनी आंख के नीचे चोट लग गई। भीमसैन का कहना है कि जब उसकी मां लिछमा और पिता सतपाल उसे बचाने के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की और गाली-गलौज की। अलमारी से सोने के गहने ले जाने का आरोप भीमसैन ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने अलमारी में रखी सोने की तीन अंगूठियां और उसके पिता का सोने का कड़ा निकाल लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया। पत्नी और सामान लेकर जाने का आरोप शिकायतकर्ता के मुताबिक, बीच-बचाव के बाद आरोपी उसकी पत्नी कंचन और कथित तौर पर चोरी किया गया सामान साथ लेकर गाड़ियों में बैठकर मौके से चले गए। जाते समय आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शुरू की जांच तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने भीमसैन की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राजपाल सिंह कर रहे हैं। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।