हनुमानगढ़ में नगर निकाय चुनाव के दौरान एक मतदान केंद्र के पास विवाद के बाद मारपीट और चेन छीनने का मामला सामने आया है। जंक्शन थाना पुलिस ने वार्ड 59 के निर्दलीय प्रत्याशी निरंजन नायक उर्फ टैनी समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि विवाद के दौरान एक व्यक्ति के सिर पर ईंट से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद उसके गले से सोने की चेन छीनने का भी आरोप लगाया गया है। बीच-बचाव करने पर ईंट से किया हमला पुलिस के मुताबिक, वार्ड 60 सुरेशिया निवासी हनुमान वर्मा (53) पुत्र रामप्रताप कुम्हार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह गौतम बुद्ध स्कूल मतदान केंद्र के पास खड़े थे। इसी दौरान वार्ड 59 के निर्दलीय प्रत्याशी निरंजन नायक उर्फ टैनी, उनके रिश्तेदार अनिल, विक्रम पुत्र हनुमान और सुंदर नायक वहां पहुंचे। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी सुभाष की मां विमला देवी के साथ झगड़ा और हाथापाई कर रहे थे। हनुमान वर्मा ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोप है कि सुंदर नायक ने उनके सिर पर ईंट से हमला कर दिया। ईंट लगने से उनका सिर फट गया और खून बहने लगा। चेन तोड़कर ले जाने का आरोप हनुमान वर्मा ने अपनी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि हमले के बाद अनिल, सुंदर और विक्रम ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। आरोप है कि चेन को तोड़कर तीनों उसे अपने साथ ले गए। निर्दलीय प्रत्याशी समेत चार नामजद मामले में पुलिस ने निरंजन नायक उर्फ टैनी, अनिल, विक्रम पुत्र हनुमान और सुंदर नायक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक को सौंपी जांच मामले की जांच उपनिरीक्षक चिरंजीलाल शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस घटनाक्रम, मारपीट और चेन छीनने के आरोपों की जांच कर रही है।